बिलावर। इलाके में सोमवार और मंगलवार दोपहर तक बारिश रहने से मलाड और देहरी गला सड़कों के अलग-अलग स्थानों पर मलबा गिरने से लिंक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। इससे दूरदराज इलाके के लोगों को पैदल सफर करना पड़ा।
प्रवीण सिंह, प्रकाश सिंह, सुलेखा देवी और संजय कुमार ने बताया कि सरकार ने 20 वर्ष पहले सड़क का निर्माण किया था जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क के ज्यादातर स्थानों पर पानी की निकासी के लिए नालियां नहीं बनाई गई हैं। वहीं जिन-जिन स्थानों पर सुरक्षा दीवारें लगाई जाना जरूरी हैं वहां पर काम नहीं किया गया। बारिश होने के बाद अकसर सड़क पर मलबा गिरने से यातायात प्रभावित रहता है। इससे पहाड़ी इलाके की 10000 से अधिक आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि नवरात्र के दौरान सड़क पर लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रभावित हुए यातायात को दो महीने बाद बहाल किया गया था। इसके बाद लोगों को राहत मिली थी लेकिन सोमवार और मंगलवार को हुई जोरदार बारिश से सड़क दोबारा प्रभावित हो गई है। संवाद