बिलावर। उज्ज पुल में मंगलवार को वरुण देव क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। पहले मैच में इलेवन स्ट्राइकर की टीम कालना इलेवन को 10 विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विकास परिषद के सदस्य नारायण दत्त त्रिपाठी ने किया।
जिला विकास परिषद के सदस्य ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायता करता है बल्कि युवाओं को गलत रास्ते की ओर भटकने से भी दूर रखता है। प्रतियोगिता के पहले दिन कालना इलेवन और इलेवन स्ट्राइकर की टीमों के बीच मैच खेला गया। इसमें कालना इलेवन ने पहले बल्लेबाजी की और छठे ओवर में कालना की टीम 29 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेवन स्ट्राइकर की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए निर्धारित लक्ष्य को तीसरे ओवर में पूरा कर लिया। स्ट्राइकर इलेवन के खिलाड़ी सर्वजीत वर्मा को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।