कठुआ। शहर के हटली मोड़ क्षेत्र स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा के बाहर वीरवार को दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाश युवक से 2.10 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना बैंक के के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस इस फुटेज के साथ रास्ते पर दुकानों में लगे सीसीटीवी से आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई। हालांकि देर शाम तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया था।
वीरवार को दोपहर में दो युवक बैंक में गए जहां से लगभग चार लाख रुपये निकालकर बाहर निकले थे। बताया जा रहा है कि पहले से ही सड़क पर घात लगाए बाइक सवार बदमाशों में से एक ने युवक के हाथ से झपट्टा मारकर 2.10 लाख रुपये छीन लिया और बाइक पर बैठकर फरार हो गया। हालांकि घटना के दौरान युवक ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवक ने पीछे बैठे बदमाश को लगभग पकड़ लिया था लेकिन उसके दूसरे हाथ से रुपये गिरने लगे, जिससे उसका ध्यान बंट गया और बदमाश ने उसे धक्का मारकर खुद को छुड़ा लिया और फरार हो गया।
सरेआम छिनैती की इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस ने बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला। इसके बाद रास्ते में अन्य दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के सहारे बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई। हटली पुलिस चौकी प्रभारी शुभम महाजन ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक युवक से दो लाख 10 हजार रुपये छीने जाने की घटना सामने आई है। पीड़ित से मिली जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
शहर में बढ़ती आपराधिक वारदातों से दहशत
शहर में लगातार चोरी और छिनैती की घटनाओं से दहशत का माहौल है। पिछले महीने इसी मार्ग पर इसी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत शास्त्रीनगर में महिला के गले से सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गया था। अब तक उसे पकड़ा नहीं गया है। इस घटना के कुछ ही दिन बाद मानके तालाब के नजदीक स्कूटी पर पीछे बैठी महिला से पर्स छीनने की कोशिश की गई थी। महिला ने पर्स नहीं छोड़ा लेकिन गिरने से उसे गंभीर चोट आई थी। आसपास के इलाकों में चोरी की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस चौकी के नजदीक ही पिछले महीने अलग-अलग दिन दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी की चोरी हुई थी। इस घटना के आरोपी भी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।