फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: भूपेंद्र बने कठुआ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन के नए प्रधान

Thu, 19 Jun 2025 02:07 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कठुआ
विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ। ट्रांसपोर्टर भूपेंद्र सिंह बाबा कठुआ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन के नए प्रधान चुने गए हैं। इस चुनावी प्रक्रिया के दौरान हुए कुल 578 मतदान में से उन्हें 334 मत मिले। दूसरे नंबर पर रहे सुशील शर्मा को 233 मत मिले, जबकि 11 मतों को रद्द कर दिया गया। इस पद पर 17 साल से चल रहे कुलदीप सिंह किंगू के वर्चस्व पर भी विराम लग गया है।
विज्ञापन

इस कार्यकारिणी का कार्यकाल छह साल होगा। बुधवार सुबह नौ बजे से तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके लिए दिनभर ट्रक यूनियन के सदस्यों की कतारें लगी रहीं। भीषण गर्मी के बावजूद अपने व्यवसाय की चिंता किए बिना ट्रक यूनियन के सदस्यों ने खुलकर वोट किया।
तीन बजे बाद तहसीलदार मजिस्ट्रेट डॉ. विक्रम कुमार की देखरेख में मतगणना शुरू हुई। इसके बाद भूपेंद्र के विजयी घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल की थाप पर झूमते हुए बाबा की जीत का जश्न मनाया। एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया।
विज्ञापन

वहीं, नवनियुक्त प्रधान भूपिंदर ने चुनाव में उन्हें समर्थन देने के लिए ट्रक ऑपरेटर्स का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह यूनियन के हर सदस्य के लिए निष्पक्षता से काम करेंगे। यूनियन के सदस्यों की समस्याओं को सुलझाने के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ट्रक ऑपरेटर्स के रोजगार में आई कमी को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

चुनाव के लिए रहे सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस बहुचर्चित चुनाव के लिए गोविंदसर स्थित कठुआ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन के कार्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इस दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवान कड़ी संख्या में तैनात रहे। यूनियन कार्यालय में सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे जवानों के साथ डीएसपी हेडक्वार्टर रविंदर सिंह और कठुआ सिटी थाना के प्रभारी दिनभर वहां मौजूद रहकर गतिविधियों पर अपनी नजर बनाए रखी।


चुनाव के दौरान रेलवे रोड पर की गई बैरिकेडिंग से लोग परेशान

गोविंदसर स्थित कठुआ ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन के कार्यालय में हुए चुनाव के कारण रेलवे रोड पर की गई बैरिकेडिंग आम लोगों के दिनभर परेशानी का सबब बनी रही। इस दौरान भीषण गर्मी के बावजूद लोगों को रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए अपना सामान सिर पर उठाकर चलना पड़ा। इस रूट पर चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को रेलवे रोड के बजाय गांव चक रिज्जू के रास्ते चलाना पड़ा। ई-रिक्शा चालक अनिल कुमार ने बताया कि सुबह आठ बजे से रेलवे रोड को बंद किया गया। इसलिए नए रूट से जाने के कारण वाया हटली मोड़ कठुआ जाने वाले वाहनों को अतिरिक्त सफर करना पड़ा। रेलवे स्टेशन से हटली मोड़ पुलिस चौकी के बीच मिलने वाली सवारियों का भी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें