संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। ज्येष्ठ सोमवार के अवसर पर कस्बे के प्रसिद्ध बिल्केश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह होते ही मंदिर परिसर में शिव भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ तो दोपहर तक लगातार जारी रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान आशुतोष की पिंडी का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सोमवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने के कारण परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया और विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद भोलेनाथ के दर्शन किए। इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव का गुणगान करते हुए नजर आए।बिलावर के अलावा बग्गन, देवल, किशनपुर, धार डुगनू और आसपास के अन्य गांवों से भी बड़ी संख्या में शिव भक्त बिल्केश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध एवं पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।