हीरानगर। चड़वाल के शिव मंदिर में जारी श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का समापन शनिवार को हुआ। कथावाचक कुलदीप शास्त्री ने कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं को धर्म, कर्म और भक्ति का महत्व समझाया।
भागवत कथा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कुलदीप शास्त्री ने कथा के माध्यम से भगवान कृष्ण की लीलाओं से परिचित कराया और सभी को भक्ति मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। अंतिम दिन हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया और महाप्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर परिवार की सुख-शांति और समाज की भलाई की कामना की। इसके बाद भजन-संकीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजक समिति के सदस्यों ने इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण था, ये समाज में सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।