हीरानगर। महाशिवरात्रि के उपलक्ष पर हीरानगर में गणेश महोत्सव समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन हो गया। इस अवसर पर कस्बे में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के सदस्य धीरज गुप्ता ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर रामलीला चौक में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसकी शुरुआत श्री रामायण के अखंड पाठ से हुई, दो दिन अखंड पाठ चला जिसमें कस्बे के अलावा आसपास के इलाके के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों के अलावा कस्बे के सहयोगियों का भी अहम योगदान रहा। अगले वर्ष इसी तरह से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्री गणेश महोत्सव समिति गणेश चतुर्थी पर भी नौ दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन इसी रामलीला चौक में करती आ रही है।