संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज बसोहली में विद्यार्थियों और स्टाफ को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कॉलेज कैंपस में नई कैंटीन शुरू की गई है। खास बात यह रही कि कैंटीन के संचालन का जिम्मा बसोहली कस्बे की स्थानीय महिला उद्यमी आयुषी मेहरा को दिया गया है। कॉलेज प्रशासन के इस कदम को महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
कॉलेज कैंटीन का शुभारंभ प्रिंसिपल प्रो. राज किरण शर्मा द्वारा किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कैंटीन संचालन का ठेका आयुषी मेहरा को सौंपा गया है। कैंटीन शुरू होने से कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और स्टाफ को कैंपस में ही स्वच्छ, सुविधाजनक और उचित दरों पर रिफ्रेशमेंट मिलेगी। प्रो. राज किरण शर्मा ने कहा कि कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों और स्टाफ की सुविधा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एक छात्र हितैषी कैंपस तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कैंटीन में साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और उचित कीमतों के मानकों को बनाए रखा जाएगा। स्थानीय महिला उद्यमी को कॉलेज कैंटीन का संचालन सौंपे जाने को महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। संस्थागत सेवाओं और उद्यमिता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ अपने कौशल को आगे बढ़ाने का मंच भी मिल सकता है। कैंटीन के शुभारंभ के दौरान डॉ. रोशन लाल, डॉ. वरिंद्र सिंह, प्रो. राजेश कुमार, रोशन लाल शर्मा, प्रो. विशाल शर्मा सहित अन्य फैकल्टी एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।