कठुआ। औद्योगिक क्षेत्र घाटी स्थापित होने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा खोली गई है। इससे न केवल औद्योगिक इकाइयों को बैंकिंग सेवाएं मिल पाएंगी, बल्कि आसपास के गांव को भी इसका लाभ मिलेगा। मंगलवार को खोली गई नई शाखा का उद्घाटन जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने बैंक के महानिदेशक संजीव कुमार और शाखा प्रभारी अनिल शर्मा की उपस्थित में किया।
घाटी में नया औद्योगिक क्षेत्र तैयार होने के बाद से ही यहां बैंकिंग सुविधा को लेकर कमी महसूस की जा रही थी। जसरोटिया ने कहा कि इस पहल से व्यवसायों और उससे जुड़े कर्मचारियों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि उत्पादकता भी बढ़ेगी। इससे पहले बैंक की सुविधाएं पाने के लिएउ द्योगपतियों को दूर की बैंक शाखाओं में जाना पड़ता था।
वहीं, बैंक के महानिदेशक संजीव कुमार ने कहा कि नई शाखा के खुलने से उद्यमियों, उद्योगपतियों और श्रमिकों को बैंकिंग सेवाओं तक आसान पहुंच होगी, जिससे वे अपने वित्त का अधिक कुशलता से प्रबंधन कर सकेंगे। कहा कि उद्योगपतियों की लंबे समय से मांग थी कि नई स्थापित औद्योगिक एस्टेट में बैंक की व्यवस्था की जाए। जिससे जम्मू-कश्मीर बैंक ने पूरा कर दिया है। इस मौके पर पूर्व सरपंच निक्कू, कुमार मंगलम, सुखदेव सिंह, शिवदेव आदि उपस्थित रहे।