संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-कश्मीर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड (केवीआईबी) ने बेरोजगार युवाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें बेरोजगार युवाओं व कारीगरों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए सरकार की ओर से दी जा रही वित्तीय सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
ब्लॉक बरनोटी के पंचायत धमाल में हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) और जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम (जेकेआरईजीपी) में सरकारी वित्तीय सहायता से बेरोजगारों को अवगत करवाया गया। वहीं, नए उद्यमियों को स्वीकृति पत्र वितरित करने के साथ-साथ नए खरीदे गए वाहनों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी गईं। इन लाभार्थियों को बैंकों की ओर से वित्तीय सहायता दी गई है।
जेकेईडीआई जिला नोडल अधिकारी धीरज हांडू, एसबीआई आर-एसईटीआई कठुआ के प्रतिनिधि सहित जेके बैंक के शाखा प्रमुख छन आरोरियां, हस्तशिल्प व हथकरघा विभाग के प्रतिनिधि, ग्रामीण विकास विभाग के प्रतिनिधि, पूर्व सरपंच और पंच के अलावा युवा उपस्थित रहे। जिला अधिकारी केवीआईबी सुरिंद्र पॉल शर्मा ने प्रतिभागियों को जम्मू-कश्मीर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। राजबाग थाना प्रभारी अजय चिब ने युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के अलावा नशे से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया।