लखनपुर। नशामुक्त भारत अभियान के तहत समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आरटीओ कठुआ ने पर्चे बांटकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। एआरटीओ जुगल किशोर शर्मा ने बताया कि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि शनिवार को विभाग ने जनरल बस स्टैंड कठुआ, मिनी बस स्टैंड व अन्य जगहों पर वाहन चालकों व अन्य लोगों को पर्चे बांट कर जागरूक किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि विभाग आगामी दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों में नुक्कड़-नाटक व अन्य माध्यमों से नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा। वहीं युवा पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए इंस्पेक्टर सुनील शर्मा ने कहा कि आज सरकार अलग-अलग योजनाओं के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए सहायता कर रही है। ऐसे में युवाओं को चाहिए कि वे उन सभी योजनाओं का लाभ लें और खुद को आत्मनिर्भर बनाएं।