जिले के सभी 12 शिक्षा जोन में जोन स्तरीय अंतर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी
200 प्रतिभागियों ने किया खेल प्रतिभा का प्रदर्शन
कठुआ। जिले के सभी 12 शिक्षा जोन में जोन स्तरीय अंतर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी है। यह मुकाबले युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से करवाए जा रहे हैं।
सोमवार को कठुआ जोन के मुकाबले गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ और जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में करवाए गए। यहां अंडर-14 और अंडर-17 आयुवर्ग में लड़कियों के एथलेटिक्स और खो-खो के मुकाबले करवाए गए। इसमें 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पांचवें दिन जारी प्रतियोगिता के तहत अंडर-17 आयुवर्ग में 100 मीटर रेस डीएवी स्कूल लच्छीपुर की अवंतिका जसरोटिया, 200 मीटर रेस गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की रेहाना अख्तर, 400 मीटर रेस गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल भेड़-बलोड़ की तनीषा, 800 मीटर रेस गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल भेड़-बलोड़ काम्या राजपूत और 1500 मीटर की रेस हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी परोल की पलक के नाम रही। प्रतियोगिता के शॉटपुट मुकाबले में गवर्नमेंट हाई स्कूल खोख्याल की रजिया ने पहला, जैवेलिन थ्रो में इंडियन पब्लिक स्कूल कठुआ की स्मृति राजपूत, डिस्कस थ्रो में गवर्नमेंट हाई स्कूल नगरी परोल की हरप्रीत सैनी, लॉन्ग जंप में इंडियन पब्लिक स्कूल कठुआ की स्मृति राजपूत और हाई जंप में गवर्नमेंट हाई स्कूल की नगरी की परविंदर ने पहला स्थान हासिल किया।
इसी तरह अंडर-14 आयुवर्ग में 100 मीटर रेस में डीएवी लच्छीपुर की इशिता, 200 मीटर रेस सेंट जेवियर कॉन्वेंट स्कूल की सोनाक्षी, 400 मीटर की रेस गवर्नमेंट मिडिल स्कूल गूंद की सीमा बीवी और 600 मीटर रेस गवर्नमेंट मिडिल स्कूल भागेचक की दिशु ने अपने नाम की। वहीं, शॉटपुट के मुकाबले में माउंट लिटरा जी स्कूल की तेजस्वी, लॉन्ग जंप में गवर्नमेंट हाई स्कूल भागे चक की दिशु, हाई जंप में गवर्नमेंट मिडिल स्कूल भागे चक की प्रतिमा ने पहला स्थान हासिल किया है। इसके अतिरिक्त शतरंज के खेले जाने वाले मुकाबले में अंडर-17 और अंडर-14 आयुवर्ग में पांच-पांच खिलाड़ियों का चयन अगले स्तर पर होने वाले मुकाबले के लिए किया गया है। संवाद
उधर, बसोहली जोन के अंतर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली के मैदान में करवाया गया। जोनल फिजिकल एजुकेशन ऑफिसर तारा सिंह की देखरेख में आयोजित होने वाली इन मुकाबले के तहत खो-खो, बैडमिंटन, क्रिकेट, रोप स्कीपिंग, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स और योग आदि के मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
जारी प्रतियोगिता में अंडर-17 आयुवर्ग में बैडमिंटन का फाइनल मुकाबला सेंट एनीस कॉन्वेंट स्कूल और गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली के बीच खेला गया। जिसमें सेंट एनीस कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने 2-0 के अंतर से मैच अपने नाम किया। वहीं, अंडर-14 खो-खो का मुकाबला गवर्नमेंट गर्ल्स मिडिल स्कूल बसोहली और मिडिल स्कूल रेहण के बीच खेला गया। जिसमें गवर्नमेंट गर्ल्स मिडिल स्कूल बसोहली की टीम ने पांच अंकों से जीत हासिल की। जबकि अंडर-17 खो-खो का मुकाबला वीर सावरकर हायर सेकेंडरी स्कूल और सेंट एनीस कॉन्वेंट स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें सेंट एनीस कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने आठ अंकों से जीत अपने नाम की। प्रतियोगिता के दौरान होने वाले एथलेटिक्स के मुकाबले में लड़कियों की सौ मीटर रेस गवर्नमेंट मिडिल स्कूल डोड़ला की आयशा बानो और दो सौ मीटर रेस इसी स्कूल की मुथैरा बानो के नाम रही।