उपमंडल में शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को माता सुकराला देवी और महामाई बाला सुंदरी के मंदिरों में माता के शैलपुत्री के स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इससे पहले भोर में माता सुकराला देवी के भवन में आरती के साथ धार्मिक अनुष्ठान किया गया। भोर की आरती के बाद मंदिर के कपाट खुले तो मां की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया।
नवरात्र के पहले दिन भोर से ही भक्तों की कतार मंदिर परिसर में लग गई थी। मां के जयकारों से इलाका भक्तिभाव से गूंजायमान होता रहा। दर्शन-पूजन का सिलसिला दोपहर में कपाट बंद होने तक जारी रहा। इसके बाद सफाई और संध्याकालीन आरती के बाद कपाट खुला तो देर रात तक भक्त मां के दर्शन-पूजन करते रहे। सुकराला गांव में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान महिलाएं महामाई का भजन गाते हुए मंदिर गईं। इसके अलावा बिलावर उपमंडल के अन्य देवी मंदिरों में भी दिनभर भक्तों की भीड़ रही।