कठुआ। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने महानपुर के मुंसिफ न्यायालय में नायब कोर्टरी के पद पर तैनात पुलिस के सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल (एसजीसी) सुदेश कुमार को 8,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है।
आरोप है कि उसने एक मामले में कोर्ट से बरी हुए व्यक्ति के खिलाफ अपील दायर न करने की एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसीलिए एसीबी टीम की कार्रवाई बुधवार को दिनभर चली।
एसीबी को शिकायत मिली थी कि एसजीसी सुदेश ने कोर्ट से एक मामले में बरी व्यक्ति के खिलाफ अपील दायर न करने के लिए रिश्वत मांगी थी लेकिन शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसलिए शिकायतकर्ता ने एसीबी जम्मू को सूचना दी।
एसीबी ने मामला दर्ज कर जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की। आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आरोपी को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके बाद एसीबी की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के आवासीय परिसर की तलाशी भी ली। पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।