प्रदेश के बाहर से आने वाले लोगों को बिना स्वास्थ्य जांच के कार के जरिए लखनपुर कॉरिडोर पार कराने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बीते 11 माह की बात करें तो ऐसे डेढ़ दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो लोगों को अवैध तरीके से प्रदेश में दाखिल कराने में शामिल थे।
कोरोना रोकथाम के लिए प्रदेश प्रशासन ने लखनपुर को रेड जोन में रखा है। ऐसे में समूह या बसों में आने वाले लोगों को लखनपुर में रुक कर रैपिड जांच करानी पड़ती है। आरोप है कि गिरफ्तार दोनों लोग अपनी निजी कार से बस से उतरने वाले लोगों को लखनपुर पार कराते थे। लखनपुर में निजी कार चालकों को मात्र फार्म भरकर ही आगे जाने की अनुमति दे दी जाती है। ऐसे में व्यवस्था में सेंध लगाते हुए दोनों आरोपी प्रदेश के बाहर से आने वाले लोगों को बिना स्वास्थ्य जांच ही दाखिल करवा देते थे।
लखनपुर थाना प्रभारी अरविंद संब्याल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कॉरिडोर के पास ऐसे लोगों के सक्रिय होने की जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद टीमों को सक्रिय कर निगरानी रखी जा रही थी। सोमवार दोपहर 12 बजे के लगभग इन दो कारों को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। पूछताछ हुई तो पता चला कि मोहम्मद शमीम निवासी होट और आरिफ दीन निवासी जंगलोट बस में सवार होने वाले लोगों को लखनपुर से पहले ही जांच न करवाकर ऐसे ही लखनपुर पार करवाने का काम कर रहे थे। दोनों को गिरफ्तार करते हुए आईपीसी की धारा 269, 270 और 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में उनके द्वारा इस काम के इस्तेमाल की जा रही कार (जेके08ए3105 और एचपी38एफ3093) को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में कोई और संलिप्त पाया गया, तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।