कठुआ। जम्मू विश्वविद्यालय के कठुआ कैंपस के कंप्यूटर साइंस और आईटी विभाग ने फील्ड इन्वेस्टीगेटर के अस्थायी पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पद तीन महीने की अवधि के लिए होगा। इसमें 20,000 रुपये प्रति माह का मानदेय दिया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार नियुक्ति भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की ओर से वित्तपोषित परियोजना के तहत की जा रही है। इस परियोजना का विषय जम्मू और कश्मीर के ग्रामीण निवासियों में सौर पैनल के उपयोग की सामाजिक-आर्थिक प्रवृत्तियां और उनकी प्रेरक शक्तियां : सांख्यिकीय और मशीन लर्निंग दृष्टिकोण है। जानकारी के अनुसार इच्छुक उम्मीदवारों के पास सामाजिक विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए, जिसमें कम से कम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। उम्मीदवारों को अपना आवेदन सादे कागज पर बायोडाटा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर साइंस और आईटी विभाग, कठुआ परिसर, जम्मू विश्वविद्यालय, जंगलोट, कठुआ में सात दिनों के भीतर जमा करना होगा। संवाद