संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। टूटी गलियां, पानी की निकासी का प्रबंध नहीं और बिजली की घोषित कटौती जैसी समस्याओं से जूझ रहे वार्ड नंबर 6 के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी इस समस्या का समाधान न तो नगर परिषद कर रहा है और न ही जनप्रतिनिधि। इस कारण उन्हें रोज परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय महिला उषा देवी ने बताया कि उनके मोहल्ले में पानी की निकासी के लिए बनाई गई डीप ड्रेनेज पूरी तरह से बंद हो चुकी है। इसकी सफाई न होने के कारण अब तो पानी लोगों के घरों में वापस जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने के साथ अब स्थिति और ज्यादा खराब हो चुकी है, क्योंकि पानी की निकासी न होने से गलियों में चलना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, मोहल्ले में कचरा उठाने का भी नियमित प्रबंध नहीं है।
सुषमा देवी ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी रहे मौजूदा विधायक ने उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया था। लेकिन उनकी ओर से भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस कारण वार्ड में लोग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। वहीं बिजली बिजली आपूर्ति व्यवस्था ऐसी है कि एक बार गुल हो जाने के बाद कई कई घंटे तक बिजली नहीं मिलती है। उन्होंने प्रशासन से वार्ड में व्याप्त समस्याओं का स्थाई समाधान किए जाने की मांग की है।