पेयजल सप्लाई ठप होने से परेशान पंचायत हल्का मकवाल, कछीड़ और सलोड के ग्रामीणों ने पीएचई विभाग के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल बहाली के लिए तहसीलदार रामकोट को एक ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, वे आंदोलन तेज कर देंगे।
प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि बनियाड़ी पंपिंग स्टेशन पर 50 हार्स पावर की मोटर लगाई जाए तथा सैंक्शन पाइप का व्यास बढ़ा कर ढाई इंच किया जाए। पंचायत हल्का मकवाल, कछीड़ और सलोड़ के ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील मुख्यालय रामकोट पहुंचकर पीएचई विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन किया।
बाद में प्रदर्शनकारियों ने एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ग्रामीण अनंत राम, ज्ञानचंद शर्मा, बलवान सिंह, शंकार सिंह, नसीब चंद, मस्तराम, बद्रीनाथ आदि ने बताया कि सरकार ने वर्ष 1985 में तीनों पंचायतों में पेयजल सप्लाई करने के लिए बनियाड़ी पंपिंग स्टेशन पर 30 हार्स पावर की मोटर लगाया था।
मोटर की कई बार मरम्मत हो चुकी है, लिहाजा अब आए दिन कभी मोटर तो कभी पंप खराब हो जाता है। इससे कई दिनों तक इलाके में पेयजल सप्लाई ठप रहती है। उन्होंने विभाग से जल्द स्टेशन पर 50 हार्स पावर की मोटर और पंप लगाने के लिए कहा।