कठुअा में पाकिस्तान का पुतला जलाकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
उड़ी में हुए भीषण आतंकी हमले से गुस्साए लोगों ने राज्य के प्रवेशद्वार लखनपुर में पाकिस्तान के खिलाफ विरोध में प्रदर्शन किया गया। पाकिस्तान का पुतला भी फूंका गया। इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा कड़ी कार्रवाई नहीं करने पर लोगों ने केंद्र सरकार को भी कोसा।
प्रदर्शनकारियों में शामिल यूथ फेडरेशन के प्रधान सन्नी शर्मा ने कहा कि सत्रह जवानों को खोना और उसके बाद केवल बैठक कर बयान देना केंद्र सरकार का काम नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान के साथ रिश्तों में सुधार की बात करते हैं, लेकिन पहले वह इस बात का आधार को मजबूत करें कि पाकिस्तान के साथ वार्ता सही है भी या नहीं।
उन्होंने कहा कि जब भी भारत ने दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। पाकिस्तान की ओर से बमबारी या फिर आतंकी हमला ही हुआ है, लेकिन किसी ने भी इससे सबक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आज तक अपने पड़ोसी देश के साथ पड़ोसी जैसा व्यवहार नहीं किया है। उसने भारत को दुश्मन की नजर से देखा है।
ऐसे में केंद्र सरकार को इस बात को समझना होगा और हर आतंकी हमले का जवाब केवल बयानबाजी से नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सेना ने तो आतंकियों को मार दिया, लेकिन केंद्र सरकार उनकी शहादत का बदला किस प्रकार लेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी विदेश नीति को इतना नरम कैसे कर दिया कि देश को लहूलुहान करने वालों पर भी नरमी दिखाई जा रही है। इस मौके पर फेडरेशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।