संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। बिलावर कस्बे में पेयजल समस्या के समाधान के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत काम शुरू होने जा रहा है। 11 करोड़ 52 लाख की लागत वाली इस परियोजना से प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी सुनिश्चित करने के साथ ही 2055 तक की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जा रहा है।
कस्बे में इसके तहत 5000 गैलन प्रति घंटे क्षमता का डीप डि्रल ट्यूबवेल, 20 हजार गैलन क्षमता का संप टैंक, 50 हजार गैलन क्षमता के दो जीएसआर, दस हजार गैलन क्षमता के दो संप टैंक स्थापित किए जाएंगे। बिलावर को स्वच्छ पेयजल योजना के तहत 1250 घरों को कनेक्शनों से जोड़ा जाएगा। यही नहीं इन कनेक्शन पर वाटर फ्लो मीटर भी लगाए जाएंगे, जो न सिर्फ पानी की बर्बादी को रोकेंगे बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि इस्तेमाल के हिसाब से ही उपभोक्ता को बिल भी आए।
बिलावर कस्बे में विधायक सतीश शर्मा ने अमृत 2.0 योजना का उद्घाटन किया जिसका लाभ बिलावर नगर कमेटी के 13 वार्डों के लोगों को मिलेगा। इस योजना के तहत लगभग 1250 नल कनेक्शन दिए जाएंगे और परियोजना का काम एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर जिला विकास परिषद के सदस्य विक्रम सिंह, भाजपा पहाड़ी जिला के प्रधान गोपाल कृष्ण, पूर्व सरपंच अमरीक सिंह ,जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता गिरधारी लाल गुप्ता और बिलावर कस्बे के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बिलावर में वर्तमान में तीन डगवेल से पानी की सप्लाई की जाती है जो नाकाफी है। आंकड़ों की बात करें तो 2.40 लाख गैलन प्रति दिन पानी की सप्लाई इस समय कस्बे में होती है। नए ढांचे 1.60 लाख गैलन प्रति दिन पानी की क्षमता को बढ़ाएंगे। ऐसे में वर्ष 2055 तक की आबादी को ध्यान में रखकर बिलावर कस्बे की पानी की चार लाख गैलन से अधिक पानी की क्षमता को पूरा कर लिया जाएगा।
....................
एक लाख से अधिक आबादी के लिए पेयजल परियोजनाएं शुरू कीं
बिलावर। बिलावर विधानसभा क्षेत्र की एक लाख से अधिक आबादी को पेयजल परियोजनाओं के तहत पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाई जाएगी। इन परियोजनाओं पर सरकार की ओर से लगभग 150 करोड रुपए की राशि खर्च की जाएगी और 1 साल के भीतर लोगों को नल के माध्यम से पेयजल सप्लाई उपलब्ध होगी। विधानसभा क्षेत्र के रामकोट, कछैड ,गलक, लुडेरा, देवल और डडवाड़ा में विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत 6 पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
................