पहले जत्थे में पंजीकरण होने के बाद भक्तों ने हर-हर महादेव का जयघोष कर जताई खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। 3 जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई। बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक स्थित शाखा में 82 भक्तों ने पंजीकरण करवाया। भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। बाबा का दर्शन करने के लिए पहले जत्थे में पंजीकरण होने के बाद भक्तों ने हर हर महादेव का जयघोष कर अपनी खुशी का इजहार किया।
उधर, बिलावर में भी अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण का सिलसिला जारी है। जहां दूसरे दिन 22 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया। जिसमें चार महिला श्रद्धालुओं और 18 पुरुष श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया है। दो दिनों के भीतर अब तक इलाके के 25 लोग पंजीकरण करवा चुके हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि वह पहलगाम के रास्ते श्री अमरनाथ गुफा तक की यात्रा पूरी करेंगे।
पहली बार बाबा का दर्शन करने के लिए जा रहा हूं। सौभाग्य से पहले जत्थे में ही उनका पंजीकरण हो गया है। इससे बहुत उत्साहित हूं।
सुजाता निवासी शास्त्री नगर
19वीं बार बाबा का दर्शन करने के लिए जा रहा हूं। पहले जत्थे में दर्शन करने की कामना से इसकी तैयारी पहले से शुरू कर दी थी। मगर मंगलवार को कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण पंजीकरण नहीं हो पाया था। मगर आज पंजीकरण पहले जत्थे में हो गया है तो पहले जितनी निराशा थी उससे ज्यादा उत्साहित हो रहा हूं।
अरुण बाली, हीरानगर
कोट
शाखा में पहले दिन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसमें कुल 82 भक्तों के पंजीकरण हुए हैं। इसमें पहलगाम के रास्ते बाबा का दर्शन करने वाले 49 भक्त और बालटाल के रास्ते दर्शन के लिए जाने वाले 33 भक्त शामिल हैं। शाखा में भक्तों के पंजीकरण के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। यहां तैनात स्टाफ हर कार्य दिवस में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक पंजीकरण की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आशीष जम्वाल, शाखा प्रबंधक पीएनबी