बग्याल मोड़ स्थित भंडारे में विश्राम करते बाबा बफार्नी के भक्त। संवाद
खरोट मोड़ में लंगर सेवा जारी, सेवादार बोले- बारिश से कम हुई संख्या पर श्रद्धालु उत्साह से लबरेज
कठुआ। भारी बारिश के बावजूद बाबा बर्फानी के भक्तों के आने का सिलसिला जारी है। मौसम के इस रुख के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी देखने को मिली मगर उत्साह बरकरार है। इसके चलते प्रवेशद्वार महादेव के जयघोष से गूंज रहा है।
सोमवार को जयपुर से आए भक्तों के जत्थे में शामिल हेमंत मीणा ने कहा कि मौसम कैसा भी हो अगर जयपुर से यहां तक यात्रा को पूरा कर पर पहुंच गए हैं तो इसका सीधा अर्थ यह है कि बाबा ने खुद उन्हें दरबार में बुलाया है। ऐसे में उन्हें मौसम से कोई डर नहीं है वह तो सिर्फ भोले की भक्ति में मग्न होकर उनका दर्शन पाने के लिए आए हैं।
यात्रा को लेकर खरोट मोड़ में लगाए जाने वाले लंगर के आयोजकों में शामिल अजय सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश का कुछ असर यात्रा पर पड़ा है लेकिन जितने श्रद्धालु आ रहे हैं वह पूरे उत्साह से लबरेज हैं। ऐसे में भोलेनाथ के दर्शन का यह पर्व फीका नहीं पड़ रहा है। इस कारण उनके सेवादारों में भी खासा उत्साह है।