संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में बीते चौबीस घंटों में दो अलग-अलग घटनाओं में किशोरी सहित दो लोगो ने संदिग्ध अवस्था में जहरीला पदार्थ निगल लिया है जिनका उपचार सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला बीते शनिवार की सुबह शहर के वार्ड 10 में सामने आया। इसमें 32 वर्षीय व्यक्ति की कोई जहरीला पदार्थ निगलने से हालत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने उसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। व्यक्ति की पहचान जॉर्ज पुत्र सज्जन निवासी वार्ड 10 कठुआ के रूप में हुई है। जबकि दूसरा मामला बीते शनिवार की दोपहर को जिले के पहाड़ी उपमंडल बनी में सामने आया। यहां एक 15 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
परिजनों ने उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उपचार के लिए उसे उपजिला अस्पताल बनी में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया। वहां किशोरी का उपचार चल रहा है।