संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कृषि इनपुट डीलरों के लिए एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन के तहत चल रहा सर्टिफिकेट कोर्स का समापन हो गया। 15 दिवसीय इस कोर्स का आयोजन जिला कृषि विज्ञान केंद्र में किया गया। इसमें 22 उर्वरक डीलरों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य उर्वरक डीलरों को एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन से परिचित कराने के साथ उन्हें अपने लाइसेंस को नवीनीकृत करने में सक्षम बनाना था। समापन समारोह में शेर-ए-कश्मीर कृषि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू के निदेशक विस्तार डॉ. अमरीश वैद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 15 दिन तक चले कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों और उर्वरक कंपनियों के संसाधन व्यक्तियों ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। प्रगतिशील किसानों को आईएफएस फार्म का दौरा भी कराया गया। जिसमें किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अपनी आय को दोगुना बढ़ाने के लिए विभिन्न तकनीकों को अपनाने की सलाह दी गई।
मुख्य वैज्ञानिक कृषि विस्तार डॉ. बृजेश अजरावत ने प्रतिभागियों को एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों, एचएडीपी परियोजना योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य वैज्ञानिक पौध संरक्षण डॉ. अनामिका जमवाल पौध संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिया। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. विशाल महाजन की देखरेख में यह कोर्स चला। इस मौके पर डॉ. अजय कुमार, विजय कुमार, नीरज सिंह सुशांत शर्मा, अमित कुमार, राज कुमार, ऋषभ शर्मा सहित केवीके-कठुआ के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।