कठुआ। बैसाखी के बाद शुरू होने वाली गेहूं की कटाई को देखते हुए कृषि विभाग ने जिले भर में गेहूं की खरीद करने के लिए खोले जाने वाले 11 खरीद केंद्रों की सूची जारी कर दी है। यहां सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल पर किसान अपनी फसल को बेच सकेंगे। जम्मू कश्मीर सरकार के निर्देशानुसार खोले जाने वाले इन खरीद केंद्रों में विभाग की ओर से पंजीकृत किसान अपनी फसल की ताैल करवा सकेंगे। मौजूदा समय में कठुआ जिला मुख्यालय सहित हीरानगर, मढ़ीन, नगरी और कंडी इलाके में करीब 18000 हेक्टेयर में लगी फसल पकने शुरू हो गई है। यहां बैसाखी के बाद कटाई का काम जोर-शोर से शुरू होगा। ऐसे में विभाग की ओर से भारतीय खाद्य निगम के सहयोग से खोले जाने वाले खरीद केंद्रों में बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।
इस संबंध में जिले के मुख्य कृषि अधिकारी संजीव राय गुप्ता ने बताया कि जिले में खुलने वाले सभी खरीद केंद्रों में कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्हें 15 अप्रैल तक खरीद केंद्रों में नियुक्त कर दिया जाएगा ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा सभी खरीद केंद्रों में बारिश होने की स्थिति में फसल को ढकने की व्यवस्था करने के लिए खरीद केंद्र के ठेकेदार को निर्देश जारी किए जाएंगे।
बता दें कि गत वर्ष विभाग ने जिले में खोले जाने वाले नौ खरीद केंद्रो को बढ़ाकर 11 कर दिया था। इस साल भी भजवाल, मढ़ीन, जखबड़, सांझी मोड़, छन्न रोडियां, पल्ली मोड़, नगरी परोल, कीड़ियां, मुकंदपुर, धन्नी बाख्ता और बिलावर के डुंगाड़ा में कुल 11 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। यहां 31 मई तक खरीद की जाएगी ताकि जिले में गेहूं की खरीद को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचाया जा सके।