हीरानगर। छन्न अरोड़ियां सब पावर स्टेशन के लिए भेजे गए ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने की कोशिश को स्थानीय लोगों ने नाकाम कर दिया। इसे शिफ्ट करने आए कर्मचारियों को लोगों ने रोक दिया और उसके बाद जमकर हंगामा किया। उन्होंने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
इस सब पावर स्टेशन से जिन इलाकों को बिजली सप्लाई होती है उसमें आने वाली तमाम पंचायतों के सरपंच यहां पहुंच गए। उनके अलावा इस क्षेत्र के स्थानीय लोग लगभग 3 घंटे तक पावर स्टेशन के बाहर नारेबाजी करते रहे। स्थानीय निवासी राकेश कुमार केशी, पंच प्रदीप कुमार ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले इस क्षेत्र में बिजली समस्या दूर करने के लिए 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर भेजा गया, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी इसे यहां स्थापित नहीं किया गया, लेकिन दो दिन पहले चक नथल में कठुआ के डीसी द्वारा लगाए गए जनता दरबार में जब लोगों ने बिजली समस्या को उठाया। उसके बाद विभाग के अधिकारी यहां पड़े इस ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने की तैयारी करने लगे।
हम इस ट्रांसफार्मर को यहां से कहीं और नहीं जाने देंगे। अगर यह इस इलाके के लिए आया है तो इसे यहां स्थापित किया जाए और लोगों को बिजली समस्या से निजात दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप भी लगाया कि अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन और पॉलिटिकल प्रेशर है, इसलिए यह ट्रांसफार्मर यहां से ले जाना पड़ेगा, लेकिन इसके बावजूद भी प्रदर्शनकारी अड़े रहे।
क्षेत्र के एसएचओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। उसके बाद विभाग के उच्च अधिकारी भी लोगों के बीच पहुंचे लेकिन लोगों ने उनकी भी एक नहीं सुनी। आखिरकार एसडीएम सुरेश शर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों की बात सुनी। लोगों के रोष को देखते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल इस ट्रांसफार्मर को यहां से शिफ्ट नहीं किया जाएगा। इसके अलावा और क्या रास्ता निकलता है इस बारे में संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि शनिवार को उनके कार्यालय में आकर मिलें और जिससे समाधान निकल पाए उस पर विचार विमर्श करें।
प्रदर्शन में चंदवा के पूर्व सरपंच योगेश सिंह, कंडी क्षेत्र के समाजसेवक दलबीर सिंह आदि भी मौजूद रहे।