- पिछले साल 19 जुलाई को धंसे थे पुल के तीन पिलर
- एक पुल पर दोनों तरफ के वाहनों की आवाजाही से लग रहा घंटों जाम
अरूण खजूरिया
हीरानगर। दिल्ली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के जम्मू-पठानकोट सेक्शन के बीच तरनाह नाला पुल को धंसे 459 दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत का काम पूरा नहीं हुआ है। वर्तमान में एक ही पुल से दोनों ओर का ट्रैफिक चलाया जा रहा है। इस वजह से लोग घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं।
19 जुलाई 2023 को पुल के करीब तीन पिलर धंस गए थे। इसके बाद प्रदेश राजमार्ग का सीधा संपर्क पंजाब और अन्य राज्यों से टूट गया। राजमार्ग के विस्तारीकरण के चलते कई महीनों के बाद यहां नया पुल तो तैयार हुआ लेकिन लोगों की परेशानी कम नहीं हुई। एक ही पुल पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही के कारण अब लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह हाईवे के विस्तारीकरण का काम चल रहा है जिसकी वजह से पहले ही लोगों को कई जगहों पर जाम में फंसना पड़ रहा है।
ऐसे में यहां आकर लोगों की मुसीबत और बढ़ जाती है। जिन पिलरों की मरम्मत तीन से चार महीने में आसानी से की जा सकती थी 15 महीनों बाद भी यह काम खत्म नहीं हुआ है। लोगों की परेशानी को समझते हुए मरम्मत का कार्य समय रहते पूर कर लिया गया होता तो आज दो पुलों पर एक तरफा वाहनों का आवागमन हो रहा होता।
दो किमी तय करने में एक घंटा लग जाता है
ऑटो चालक अमन सिंह ने बताया कि चड़वाल से दयाला चक की दूरी मात्र दो किलोमीटर है जिसे तय करने में ज्यादा से ज्यादा 10 मिनट का समय लगना चाहिए लेकिन जाम की वजह से एक घंटे तक का समय लग जाता है। दयाला चक चौक में अंडरपास के निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन पर पर्याप्त सड़क न होने के कारण जाम लगा रहता है। जैसे तैसे कर वहां से निकल आएं तो तरनाह पुल पर जाम में घंटों रुकना पड़ता है।
तरनाह पुल पर अक्सर जाम रहता है
राजेश शर्मा ने कहा कि वह कठुआ में नौकरी करते हैं और रोजाना इस रास्ते से आना-जाना होता है। कोई भी दिन ऐसा नहीं जब हाईवे पर घंटों जाम में न फंसना पड़े। तरनाह पुल पर भी अक्सर जाम रहता है। दो से तीन महीने में पुराने पुल की मरम्मत की जा सकती थी लेकिन हाईवे अथॉरिटी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया जिसकी वजह से आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कोट...
काम पूरा होने में अभी कुछ वक्त और लग सकता है लेकिन काम जारी है। अगले सप्ताह तक गिर्डर लॉचिंग का काम शुरू होगा। उसके बाद स्लैब डालने का काम होगा और फिर तारकोल बिछाने का काम पूरा होगा।
- शुभम, साइट इंजीनियर, राजमार्ग प्राधिकरण