कठुआ। जिले के सभी नौ सरकारी कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चार वर्षीय स्नातक और एकीकृत पोस्ट ग्रेजुएशन कार्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को सात जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इन कॉलेजों में दाखिले के किए विद्यार्थियों को पहले केंद्रीकृत प्रवेश वेबसाइट https://jkadmission.samarth.ac.in पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ही वे कॉलेज में उपलब्ध विषय ले पाएंगे।
पंजीकृत विद्यार्थियों को विभिन्न कॉलेजों की ओर से पेश मेजर विषयों को तीन से नौ जुलाई तक चुनना होगा। यह प्रक्रिया सभी विद्यार्थियों के लिए होगी, जिन्होंने सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) दी हो या नहीं।
इसके बाद 11 से 15 जुलाई के बीच सीयूईटी देने वाले विद्यार्थियों की सूची प्रकाशित कर उनका दाखिला दिया जाएगा जबकि नॉन सीयूईटी की दाखिला प्रक्रिया 17 से 20 जुलाई तक की जाएगी। इसके बाद 23 जुलाई से सीयूईटी और नॉन सीयूईटी कॉलेज में बची सभी सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इसके बाद भी खाली रहने वाली सीटों पर 28 से 31 जुलाई तक तत्काल मेरिट के आधार पर बचे विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। नया शैक्षणिक सत्र एक अगस्त से शुरू करने की योजना है।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिकारिक सूचना के अनुसार इस बार उच्च शिक्षा विभाग ने बीच में पढ़ाई छोड़कर जाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी बहु-निकास विकल्पों की सुविधा मुहैया करवाई है।
इनमें से दो सेमेस्टर में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए प्रमाणपत्र, चार सेमेस्टर पास करने वालों को डिप्लोमा और छह सेमेस्टर में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्नातक की डिग्री देने का भी प्रावधान है। इन कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए सीयूईटी और नॉन सीयूईटी देने वाले विद्यार्थियों के लिए दाखिला लेने का प्रावधान है।
महिला कॉलेज सहित नौ डिग्री कॉलेज हैं दाखिले के लिए उपलब्ध
जिले में कुल नौ राजकीय डिग्री कॉलेज उपलब्ध हैं। इनमें राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ, महिला डिग्री कॉलेज कठुआ, हीरानगर, मढ़ीन, बिलावर, रामकोट, बनी, बसोहली और महानपुर शामिल हैं। जहां विद्यार्थी अपनी मनपसंद मेजर विषयों में दाखिला ले सकते हैं। इस बार शिक्षा विभाग ने राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ और राजकीय डिग्री कॉलेज हीरानगर को सीयूईटी के तहत सीटें भरने के लिए चुना है। शेष कॉलेजों को नॉन सीयूईटी की श्रेणी में रखा गया है। हालांकि सीयूईटी कॉलेजों में खाली सीटों पर नॉन सीयूईटी वाले विद्यार्थी भी दाखिला ले सकते हैं, लेकिन प्रथम वरीयता सीयूईटी वाले विद्यार्थियों को दी जाएगी।