हीरानगर। तनावपूर्ण स्थिति में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रह रहे लोगों के हौसले को देखकर प्रशासनिक अधिकारी हैरान हो रहे हैं। शुक्रवार को हीरानगर के एसडीएम फुलेल सिंह ने अधिकारियों के साथ कई सीमावर्ती गांवों का दौरा किया।
उन्होंने लोगों को प्रशासन के बनाए विस्थापित शिविरों में शिफ्ट होने को कहा, जिस पर लोगों ने कहा कि वह घरों में बने बंकरों में ही रहेंगे। लोगों ने कहा कि वह सीमा पर अपने गांव में रहकर भारतीय सुरक्षा बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और आखिरी दम तक खड़े रहेंगे। अगर हमारी जान भी जाएगी तो अपने घर में गांव में जाएगी इसलिए हमें कोई डर नहीं है। इनके हौसले को देखकर अधिकारियों ने कहा कि भले ही वह बंकरों में रहें, लेकिन अपनी सुरक्षा का पूरा ख्याल रखें, शाम ढलने के बाद बंकरों में जाने के बाद सुबह होने तक बाहर न निकलें। प्रशासनिक अधिकारियों से पूरा संपर्क बनाकर रखें, किसी भी तरह की कोई जरूरत बनती है तो तुरंत सूचना दें। एसडीएम ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए विस्थापित शिविरों में खाने, पीने और आराम की पूरी व्यवस्था की गई है। संवाद