कठुआ। जिले में ई-ऑफिस कार्यों में बदलाव की समीक्षा के लिए शुक्रवार को डीसी ने अधिकारियों की साथ बैठक की। डीसी ने अफसरों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के ईमेल की मैपिंग प्राथमिकता से सुनिश्चित करें, ताकि सितंबर के अंत तक आधिकारिक कार्य को ई-ऑफिस प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।डीआईओ एनआईसी ने ई-ऑफिस के सुचारू कार्यान्वयन के लिए विभिन्न विभागों की ओर से दी गई जानकारी की स्थिति से डीसी को अवगत कराया। कहा कि मुलाजिमों को ई-ऑफिस प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षण सत्र लगाए गए हैं।
डीसी ने डीआईओ को एक प्रारूप तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें ई-ऑफिस प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों के विवरण, फाइल हेड के अलावा फाइल मूवमेंट के फ्लो चार्ट को शामिल किया गया है। डीसी ने ई-ऑफिस के लाभों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इससे समय की बचत, कार्यों का कुशल प्रबंधन, फाइलों का त्वरित निपटान के अलावा सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। डीआईओ एनआईसी ने अधिकारियों को फाइलों तक सुरक्षित पहुंच और एनआईसी के माध्यम से ई-मेल के पंजीकरण के संबंध में वीपीएन की भूमिका के बारे में जानकारी दी।