कठुआ। बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी और मोर्टार के इस्तेमाल को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी हरकत में आ गई है। जिला उपायुक्त कठुआ ने सीमावर्ती लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सिंचाई विभाग के एमआईसीबी डिवीजन की टीमों को डिवाटरिंग पंपों के साथ सीमावर्ती इलाकों में पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं। यह टीमें बंकरों में बरसात से भरे पानी को निकालने का काम करेंगी। वहीं, दूसरी ओर अधूरे निर्माण को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में जिला उपायुक्त कठुआ डॉ. राघव लंगर ने बताया कि लोगों की दिक्कतों को प्रशासन हल करने में जुटा हुआ है। ग्रामीणों को हर संभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी, जिसके लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सीमावर्ती ग्रामीणों ने बुधवार को बार्डर पर पहुंचे एसएसपी और एसडीएम को बताया था कि कई बंकरों का निर्माण पूरा नहीं हो पाया तो वहीं कई बंकरों में बारिश का पानी भर चुका है। ऐसे में गोलाबारी शुरू होने पर लगभग तैयार हो चुके यह बंकर भी ग्रामीणों को राहत देने वाले नहीं है। लिहाजा प्रशासन से मांग की गई थी कि उचित कदम उठाए जाएं। सीमावर्ती इलाकों का दौरा करते हुए एसएसपी कठुआ श्रीधर पाटील ने ग्रामीणों का हाल जानते हुए उनसे समस्याओं के बारे में भी पूछा। सीमा के हालात को देखते हुए सुझाव और सहयोग भी मांगा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन लोगों की सुरक्षा को लेकर तत्पर है। हर तरह के इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि लोगों को जरूरत पड़ने पर गोलाबारी वाले क्षेत्रों से बाहर निकाला जा सके। बीपी वाहन तैनात किए जा चुके हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि सीमावर्ती इलाकों में किसी भी तरह की संदिग्ध हलचल या गोलाबारी से संबंधित जानकारी तुरंत पुलिस को दें।