कटिया डालकर घर में बिजली का प्रयोग करने, एसी, हीटर आदि इस्तेमाल करने पर बिजली विभाग की टीम ने बुधवार को छापा मारकर दर्जनों अवैध कनेक्शन काट दिए। इस मौके पर टीम ने संबंधित लोगों से मौके पर ही जुर्माना भी वसूला।
बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सेठ के निर्देश पर विभागीय टीम ने बुधवार को शहर के वार्ड चार में औचक छापामारी शुरू कर दी। इस दौरान अवैध रूप से चल रहे 16 एसी के कनेक्शन काटने के साथ झुग्गी से 40 हीटर भी जब्त किए गए।
विभाग ने बिजली का अवैध इस्तेमाल कर एसी चलाने वाले उपभोक्ताओं को 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोक दिया। अभियान के बारे में जानकारी देते हुए विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सेठ ने बताया कि बिजली विभाग अवैध कनेक्शनों पर अब ढिलाई के मूड में नहीं है।
अवैध कनेक्शनों के चलते आए दिन ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। इसलिए एक विशेष दस्ता तैयार किया गया है, जो प्रतिदिन अलग-अलग कसबों और गांवों में छापामारी अभियान चलाएगा।
उन्होंने सभी मीटर रीडर को निर्देश दिए हैं कि सभी एसी के कनेक्शन रेग्युलराइज किए जाएं। इसके बाद विभाग अवैध कनेक्शनों पर 10 हजार जुर्माना ठोकने के साथ ही उस मीटर रीडर पर भी कार्रवाई करेगा, जिसके क्षेत्र में अवैध कनेक्शन पाए जाएंगे।