शहर के निकटवर्ती जखबड़ से सटे पटियाड़ी क्षेत्र में एक दवा विक्रेता द्वारा दवाओं के अधिक दाम वसूलने की शिकायत मिलने पर ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। इस दौरान दवा दुकान को सील करते हुए पांच दिन के लिए लाइसेंस को निलंबित कर दिया।
सहायक नियंत्रक ड्रग कंट्रोल विभाग राजेश अंगुराना के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दवा विक्रेता से बिल बुक सहित अन्य दस्तावेज मांगे जिनमें खामियां पाई गईं। ड्रग कंट्रोल विभाग के सहायक नियंत्रक राजेश अंगुराना ने बताया कि शिकायत मिली थी दाम से अधिक वसूलकर दवाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिसके बाद इंस्पेक्टर सहित मौके पर जाकर जांच की गई है।
भगत मेडिकल हॉल पटियाड़ी में पाया गया कि जिसके नाम पर दवा दुकान का लाइसेंस था, वो मौके पर मौजूद नहीं था। यहां तक कि दवा विक्रेता की ओर से बिल बुक और रिकार्ड भी मेंटेन नहीं किया गया था। अधिक दाम वसूलने के संबंध में कोई उचित जवाब भी विक्रेता के पास नहीं मिला। ऐसे में कार्रवाई करते हुए दुकान को सील किया गया है और पांच दिन के लिए लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।