- कीड़ियां गंडियाल पुल पर रात सवा नौ बजे हादसा, मृतक की नहीं हो पाई पहचान
कठुआ। जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सरहदी इलाके कीड़ियां गंडियाल पुल पर आल्टो कार और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। अचानक कार में आग लग गई जिसमें झुलसने से व्यक्ति की मौत हो गई। साथ में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया।
सोमवार रात सवा नौ बजे रावी दरिया के कीड़ियां गंडियाल पुल से दो वाहन गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार को आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने नजदीकी पुलिस पोस्ट को जानकारी दी। जब तक पुलिस पहुंची, कार पूरी तरह से जल चुकी थी। हालांकि इससे पहले महिला को बाहर निकाल लिया था लेकिन व्यक्ति पूरी तरह से झुलस गया जिससे उसकी मौत हो गई है। दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार भीषण आग के कारण कार पूरी तरह से जल गई है। ऐसे में न तो रजिस्ट्रेशन नंबर का पता चल रहा है और न ही उसमें सवार लोगों की पहचान हो पा रही है। फिलहाल जीएमसी में महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। बता दें कि यह मार्ग पंजाब के सुंदर चक के साथ-साथ कीड़ियां गंडियाल पंचायत को सीधा जिला मुख्यालय से जोड़ता है।
कई महीनों से अंधेरे में डूबा है पुल
पुल पर रात ढलने के बाद अंधेरा गहरा जाता है। अमर उजाला की ओर से समस-समय पर पुल की बंद लाइटों का मामला उठाया गया लेकिन जिम्मेदारों की ओर से गंभीर रवैया नहीं दिखाया गया। अगर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था होती तो हादसे से बचाव हो सकता था। 1210 मीटर लंबे पुल पर 150 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, पर लाइट का इंतजाम नहीं किया गया। मरम्मत और रखरखाव के अभाव में पहले भी हादसे हो चुके हैं।