कठुआ। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जीएमसी कठुआ में जारी है। दुर्घटना में मारे गए युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
पहली घटना बेड़ियां पत्तन स्थित रावी दरिया के किनारे उस समय हुई जब एक ट्रैक्टर अचानक पलट गया। इसमें चालक 19 वर्षीय सवार दीन पुत्र याकूब दीन निवासी भाग चली गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन फानन जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी घटना हटली मोड़ क्षेत्र में हुई जहां डंपर की टक्कर से मिनी बस में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। घायल की पहचान रजत शर्मा पुत्र प्रेम नाथ शर्मा निवासी जंगलोट के रूप में हुई है। एक अन्य हादसा राजबाग क्षेत्र के खानपुर में हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से 20 वर्षीय हर्षदीप पुत्र सुभाष चंद्र निवासी खानपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया है। सभी घटनाओं के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद