कठुुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सहार खड्ड के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए, गनीमत यह रही कि ट्रक में मौजूद चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना में ट्रक का आधा हिस्सा पुल पर ही रह गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया और करीब 3 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया, जिसके बाद लोगों को राहत मिली।
दुर्घटना के संबंध में ट्रक चालक बलदेव सिंह पुत्र जागीर सिंह निवासी अमृतसर ने बताया कि वह श्रीनगर से ट्रक ( पीबी-13, यू-9965) में सेब लोड कर राजस्थान की ओर जा रहे थे। सुबह छह बजे के करीब जब वह सहार खड्ड पुल से गुजर रहे थे, तो इस दौरान उन्होंने चल रहे वाहन ओवरटेक करने का प्रयास किया। जैसे ही उन्होंने वाहन को ओवरटेक किया उनके ट्रक के सामने यात्रियों से भरा ऑटो आ गया। एकाएक सामने आए ऑटो को बचाने के प्रयास में उनका ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुल से नीचे जा गिरा। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर बलदेव सिंह को ट्रक से बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी है। घटना में ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।