बसोहली। बसोहली से अटल सेतु की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर मंगलवार देर शाम एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच घायल को उपजिला चिकित्सालय बसोहली पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर संख्या जेके-08 एच-7690 बारलाचगान से अटल सेतु की तरफ जा रहा था। तभी अचानक श्मशान घाट के नजदीक पहुंचते ही चालक का ट्रैक्टर से नियंत्रण खो गया और ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। इससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ट्रैक्टर चालक की पहचान मानिक चौधरी निवासी वार्ड-तीन बसोहली के रूप में हुई है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद