नगरी। वीरवार को नगरी के पृथि चक में देखते ही देखते गेहूं की फसल में आग लग गई और काटी हुई फसल जलकर राख हो गई। उक्त मामला उस वक्त पेश आया जब किसान दोपहर के समय अपनी फसल की कटाई कर रहे थे। उन्हें आग की लपटों की आवाजें सुनाई दीं और जब उन्होंने उठकर देखा तो पाया कि उनकी कटी हुई फसल को आग लग चुकी है।
लगातार बढ़ती आग को देखते हुए खेतों में काम कर रहे आसपास के किसान व मजदूरों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी इसकी सूचना दी। पीड़ित किसान नसीब चंद ने बताया कि वे अपने परिवार व सहयोगियों के साथ कनक की कटाई कर रहे थे और अचानक उन्हें आग की लपटों की आवाज सुनाई दी। लोगों ने पत्तों व पानी फेंक कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन जब तक आग को बुझाते तब तक गेहूं की कटी हुई फसल जलकर राख हो चुकी थी। नसीब चंद ने बताया कि उनकी एक एकड़ की फसल जलकर राख हो गई। वहीं नसीब चंद के साथ काम कर रहे प्रीतम ने बताया कि दोनों के खेत एक साथ हैं और दोनों मिलजुलकर कटाई का काम कर रहे थे। जब आग लगी तो प्रीतम चंद की भी एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अब उनके पास कुछ भी नहीं बचा। उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाते हुए सहयोग की अपील की।