हीरानगर के कूटा में तैयार हुआ खेल मैदान। संवाद
- फोटो : kathua
मई के बाद आयोजित हो सकेंगी खेल गतिविधियां, 20 कनाल भूमि पर हो रहा निर्माण, युवाओं में भी बढ़ेगी रुचि
हीरानगर। कूटा और आसपास के इलाकों के युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने के लिए जल्द ही स्पोर्ट्स स्टेडियम मिलेगा।
20 कनाल भूमि पर बन रहा यह स्टेडियम मई महीने तक खेलने लायक तैयार हो जाएगा। जानकारी के अनुसार तीन करोड़ की लागत से पूरी होने वाली इस परियोजना का पहले चरण का काम खत्म होने को है। स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से बनाए जा रहे इस स्टेडियम की चहारदीवारी का काम पूरा हो चुका है और मैदान में अर्थ वर्क का काम जारी है। इस स्टेडियम के बनने से इस पंचायत से जुड़ती करीब आधा दर्जन पंचायत के गांव के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इलाके में खेलों के लिए कोई भी पर्याप्त जगह न होने के कारण युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए पर्याप्त सुविधा न मिलने के कारण सही मंच पर नहीं पहुंच पाते हैं।
जाहिर है कि जब युवाओं को खेलने के लिए पर्याप्त सुविधा मिलेगी तो यहां खेल रहे युवाओं को देखकर अन्य युवाओं में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। इससे युवा नशे जैसी बुरी आदत से भी दूर रहेंगे। स्थानीय पूर्व सरपंच कांत कुमार ने कहा यह स्टेडियम इलाके के लिए बड़ी सौगात है।
इसके तैयार होने से न सिर्फ इलाके के युवाओं की रुचि खेलों में बढ़ेगी बल्कि पहले से ही खेल क्षेत्र में आगे बढ़ाने के प्रयास में जुटे युवाओं की प्रतिभा में और निखार आएगा। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से यह काम पूरा होगा। चहारदीवारी का काम पूरा हो चुका है और अर्थ वर्क का काम तेजी से चल रहा है। इसके बाद खिलाड़ी एक खुले मैदान में खुलकर खेल सकेंगे। यहां लाइटिंग, बैठने और अन्य जरूरी सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध होंगी।
पहले चरण में लगभग करीब 55 लाख रुपए की लागत से चहारदीवारी और अर्थ वर्क का काम पूरा हो जाएगा। मई खत्म होने तक यह मैदान खिलाड़ियों के खेलने के लिए तैयार हो जाएगा। - अरुण कुमार, जेई, स्पोर्ट्स काउंसिल