बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते सेक्यूलर सोशलिस्ट फेडरेशन के सदस्य। संवाद
- फोटो : kathua
शहीद भगत सिंह पार्क स्थित त्रिमूर्ति स्मारक पर शहीदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन, शहीदों को अर्पित किए श्रद्धासुमन
कठुआ। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर शहर में जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहीद-ए-आजम को श्रद्धांजलि देने के लिए शहीद देश भक्त यादगार समिति और जम्मू कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन की ओर संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया।
शहर के शहीद भगत सिंह पार्क स्थित त्रिमूर्ति स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में देश के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन ज्ञान सिंह पठानिया ने कहा कि आज देश में कुछ लोग अलगाववाद का एजेंडा चलाकर देश को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। मगर वह भूल जाते हैं कि इस देश को स्वतंत्र और अखंड बनाने के लिए हजारों मां भारती के बेटे आज भी अपनी जान न्योछावर करने के लिए तैयार हैं।
मास्टर शिवनंदन ने कहा कि भगत सिंह शारीरिक रूप से से भले ही आज हमारे बीच में नहीं है, लेकिन अपने विचारों के कारण वह आज भी हम सभी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सभी युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर एक मजबूत न्यायकारी समाज का निर्माण करने के लिए आगे आने को कहा। रविंद्र सिंह पठानिया ने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे लाखों वीरों ने जान का नजराना पेश किया है। उन्होंने देश के हर नागरिक को एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए आगे आने की अपील की।
इस क्रम में सेक्यूलर सोशलिस्ट फेडरेशन की ओर से शहर में इंकलाब मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान फेडरेशन के सदस्यों ने कालीबड़ी से लेकर शहीद भगत सिंह पार्क तक रैली निकाली और त्रिमूर्ति को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर फेडरेशन के हरमीत सिंह चिंपू ने कहा कि हमारे देश के नौजवानों को मुख्य धारा में लाने का इंकलाब धर्म और जाति की राजनीति की भेंट चढ़ रहा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मौजूदा परिदृृश्य पर कहा कि आज नशे का कारोबार और अवैध खनन जैसी बुराइयां चरम पर हैं। इसके खिलाफ हमें इंकलाब लाने की जरूरत है। संवाद