संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस पर शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरमत समागम का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने दी है।
उन्होंने बताया कि गुरु अर्जन देव की शहादत को समर्पित गुरमत समागम सुबह 10 बजे शुरू होगा और दोपहर एक बजे तक जारी रहेगा। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने बताया कि समागम के दौरान आयोजित कीर्तन दरबार में दरबार साहिब अमृतसर से आए हजूरी रागी भाई बलविंदर सिंह संगत को गुरबानी कीर्तन से निहाल करेंगे। वहीं, जालंधर से आए प्रसिद्ध प्रचारक भाई रणजीत सिंह गुरु अर्जन देव जी की महान शहादत एवं उनके जीवन दर्शन पर संगत को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि समागम में आने वाली संगत के लिए ठंडे मीठे जल की छबील भी लगाई जाएगी। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया जाएगा। चरणजीत सिंह भोला ने जिले भर की संगत से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर गुरु अर्जन देव जी के शहीदी समागम में शामिल हों।