हीरानगर। कंडी क्षेत्र के गांव जसरोटा के लोग बंदरों के उत्पात से परेशान हैं। त्रस्त ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले दो सालों से गांव में बंदरों की संख्या बढ़ी है। इन उत्पाती बंदरों ने लोगों को परेशान कर रखा है। ये घरों में घुस आते हैं और सामान तोड़फोड़ देते हैं। यहां दो दर्जन से अधिक लोगों को बंदर घायल कर चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या के बारे में वह कई बार जिला प्रशासन और वाइल्ड लाइफ विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि छह माह पहले जब गांव के लोगों ने हाईवे पर जाम लगाया था, तब उन्हें भरोसा दिया गया कि जल्द समस्या का निदान होगा। कहा गया कि मंकी ट्रैप टीम को गांव में भेज कर बंदरों को पकड़ कर बाहर कर दिया जाएगा, लेकिन आश्वासन हवा हो गया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए सुदर्शन शर्मा ने कहा कि जसरोटा स्थित महाकाली मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी इन बंदरों से खतरा हो रहा है। ये बंदर यहां आने वाले लोगों पर हमलावर रहते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि बंदरों को अगर गांव से बाहर नहीं करवाया गया तो एक बार फिर हाईवे पर जाम लगाया जाएगा। इस मौके पर बलबीर सिंह, दोगिंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, गणेश लाल, जिया लाल मौजूद थे।