कठुआ/महानपुर। जिले भर में लोहड़ी धूमधाम से मनाई गई। इसमें बच्चे सबसे आगे रहे। सुबह होते ही टोलियों में घर से निकल पड़े बच्चे। घर-घर जाकर उन्होंने लोहड़ी मांगी। बड़ों ने बाजारों का रुख किया। मूंगफली, बताशे, रेवड़ी, सूखे फल आदि की खरीदारी की। लोहड़ी मांगने पर बच्चों की टोलियों में पैसों और अन्य वस्तुओं का बराबर में बंटवारा हुआ। लोगों ने अग्नि के फेरे लगाकर अर्घ्य दिया। साथ ही एक-दूसरे को बधाई दी।
पिछले कई दिनों से तैयारी कर चुके बच्चे और युवा रविवार का इंतजार कर रहे थे। लोहड़ी पर ये सुबह से ही टोलियों से निकल पड़े। उन्होंने घर-घर जाकर लोहड़ी मांगी। लोगों ने टोलियों को पैसे, गुड़, रेवड़ी, चावल, मूंगफली, मक्की आदि की लोहड़ी और बधाई दी। चावल, मक्की अधिक होने पर उसे टोलियों ने दुकानों पर बेचा और उसके बदले मूंगफली व अन्य चीजें लीं। पर्व पर बाजारों में खूब रौननक रही। नवजात बच्चों के कपड़ों की खूब खरीददारी की गई। रिश्तेदारों ने बच्चों के लिए मूंगफली, बताशे, ड्राई फ्रूट से बने हार भेजे। पूरे दिन आदान-प्रदान का सिलसिला चलता रहा। शाम को बच्चों की टोलियों ने जुटाए गए पैसों और वस्तुओं का बंटवारा किया। साथ ही एक-दूसरे को बधाई देकर घर चले गए। घर के सदस्यों ने एक साथ अग्नि के फेरे लगाकर अर्घ्य दिया।