उधमपुर। रेलवे के आईजीपी एमएस सलारिया ने शनिवार को उधमपुर रेलवे स्टेशन, जम्मू से उधमपुर के बीच पड़ते टनल, पुल और ट्रैक पर तैनात गार्ड के सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उधमपुर से कटड़ा रेलवे ट्रैक पर रेल परिचालन के आरंभ होने के पूर्व आईजीपी रेलवे का यह पहला दौरा था। उनके साथ डीआईजी रेलवे निसार अहमद और एसएसपी रेलवे कटड़ा एके महाजन भी थे। इस मौके पर आईजीपी रेलवे व डीआईजी ने एक सिक्युरिटी रिव्यू मीटिंग की, जिसमें जीआरपी, जिला पुलिस, आईआरपी, आरपीएफ, नार्दर्न रेलवे और सुरक्षा के संबंधित अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रर्हे। आईजीपी रेलवे ने तमाम सुरक्षा एजेंसी के तालमेल पर जोर दिया ताकि यात्रियों की सुरक्षा व रेलवे संपत्ति की सुरक्षा पूर्ण रूप से की जा सके। आईजीपी ने तमाम मौजूद अधिकारियों को एसओपी (स्टैंडिंग आपरेटिव प्रोसिजर) और कंटेंजेंसी प्लान को लागू करने पर बल दिया। इसके बाद आईजीपी ने उधमपुर-कटड़ा जीआरपी के जवानों और अधिकारियों का दरबार आयोजित किया। इस दौरान ड्यूटी के दौरान सतर्कता और अनुशासन पर जोर दिया गया।