कठुआ। रावी दरिया पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे में शहर के दो युवकों की मौत हो गई। कार और बाइक की जोरदार टक्कर में मारे गए दोनों युवक बाइक पर सवार थे। जबकि कार में सवार चार लोग भी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। जम्मू पठानकोट हाईवे पर शनिवार की देर रात हुए हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। एक युवक के शव को घटनास्थल से बरामद कर लिया, जबकि दूसरे का पता रविवार की सुबह चला। मृतकों की पहचान शिवानगर कठुआ के अमित कुमार और राजेश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कार नंबर जेके08सी-9049 पठानकोट से कठुआ की ओर आ रही थी। जिला अस्पताल में उपचाराधीन घायल नीलम वर्मा (40), बोधराज वर्मा (45), चेतन वर्मा (21) और सन्नी कुमार (25) सभी निवासी वार्ड छह कठुआ के अनुसार बाइक (पीबी35एन-1882) अचानक कार के सामने आ गई। इसके बाद उन्हें कुछ पता नहीं चल सका। वहीं पुलिस को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार युवक टक्कर के बाद छितर कर अलग जा गिरे।
जबकि कार टक्कर के बाद कई पलटे खाते हुए पुल की रेलिंग से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से बाइक सवार युवक राजेश कुमार का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने कब्जे में लिया। वहीं कार में सवार घायल सभी चार लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। लखनपुर थाना प्रभारी रवींद्र सिंह ने बताया कि देर रात हुए हादसे के बाद घटनास्थल से एक ही शव अस्पताल ले जाया गया। रविवार की सुबह जब जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाने लगा तो एक अन्य युवक के लापता होने की सूचना दी गई। इस पर पुलिस ने सुबह युवक की तलाश शुरू कर दी। तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को दरिया से बरामद किया गया।