कठुआ। जम्मू कश्मीर टीचर्स फोरम के बैनर तले शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी की। अपनी लंबित मांगों को पूरा किए जाने को लेकर मांग करते हुए उन्होंने प्रदर्शन करते हुए सरकार की कड़ी आलोचना की। डीसी को मांगों का ज्ञापन सौंपने के बाद शहीद भगत सिंह पार्क तक रोष मार्च निकाला गया। उन्होंने सरकार की नीतियों को शिक्षकों के विरोधी बताते हुए शिक्षा विभाग में धांधली का भी आरोप लगाया। जेकेटीएफ सदस्यों ने कहा कि सरकार शिक्षकों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। फोरम के अध्यक्ष पूर्ण सिंह ने कहा कि आठ पहले हुई डीपीसी के बाद अभी तक शिक्षकों को तैनाती की नई जगह नहीं दी जा रही है। सितंबर से शिक्षकों को डीपीसी में क्लीयर किया है और आठ महीने के बाद भी मामला ज्यों का त्यों बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार दोगली नीति अपना रही है। कश्मीर संभाग के शिक्षकों को एक मई से एडजस्टमेंट दे दी गई है, जबकि जम्मू संभाग के शिक्षकों के साथ भेदभाव हो रहा है। प्रवीण सिंह ने कहा कि राज्य शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। इस अवसर पर मो. सादिक, अमर ठाकुर, कुलदीप सिंह आदि ने भी सरकार की जमकर आलोचना की।