कठुआ। गुरुवार को जिले में भैया दूज का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान भाइयों के माथे टीकों से सजे दिखाई दिए। दिन भर बहनों के अपने भाइयों के यहां टीका लगाने के लिए पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
माथे पर टीका लगाते हुए बहनों ने अपने भाइयों की सलामती की दुआ मांगी। वहीं सुबह से ही दुकानों पर खरीददारी करने के लिए महिलाओं और युवतियों का तांता लगा रहा। मिठाइयों से लेकर आकर्षक तोहफों की जमकर खरीददारी की गई।
बहन भाई के प्रेम को दर्शाता भैया दूज का त्योहार जिला भर में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र के लिए दुआ मांगी। भाई बहन के अटूट प्रेम को सूत्र में पिरोते इस त्योहार को जितना उत्साह बहनों में दिखा उतने ही भाई भी उत्साहित दिखे। भाईयों ने भी अपनी बहनों को स्नेह स्वरूप उपहार दिए। बाजारों में खरीददारी के लिए पहुंची महिलाओं और युवतियों ने जमकर खरीदारी की।