कठुआ। जम्मू-कश्मीर युनाइटेड स्कूल टीचर्स एसोसिएशन की प्रांतीय इकाई द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर सदस्यों ने शिक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विचार किया। सदस्यों ने सरकार को कोसते हुए बनाई गई नीतियों को मात्र दिखावा करार दिया।
प्रांतीय अध्यक्ष हरि सिंह ने कहा कि सरकार ने शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाई गई नीतियां मात्र दिखावा ही हैं। उन्होंने कहा कि इससे अधिक विडंबना ओर क्या हो सकती है कि चर्तुथ श्रेणी के कर्मचारियों को पूरे कार्यकाल के दौरान एक बार भी पदोन्नति नहीं मिल पाई। उन्हाेंने कहा कि इसके अलावा शिक्षकों को भी पिछले कई सालों से पक्का नहीं किया गया है। ग्रेड से रूके होने के कारण शिक्षकों को अपने वेतन को लेकर संशय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में फैली इस लचर कार्यप्रणाली के लिए सरकार की नीतियां ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि एसएसए के तहत शिक्षकों का वेतन पिछले दो माह से रूका हुआ है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह विभाग की इस दुर्दशा को सुधारने के लिए कडे़ निर्देश जारी करें। इस मौके पर शशिपाल सिंह, राजीव कुमार, राज कुमार, जुल्फकार उपस्थित रहे।