कठुआ। जम्मू-कश्मीर के देश में विलय को भारतीय जनता पार्टी ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। पारलीवंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर मीठाई बांट राज्य के देश में विलय की खुशी को सांझा किया। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए और राज्य को देश का अभिन्न अंग कहा। उन्होंने सरकार से विलय दिवस पर राज्य भर में छुट्टी की मांग भी की।
इस मौके पर विद्यासागर ने कहा कि हर राज्यवासी को इस दिन की खुशी होनी चाहिए कि आज वह भारतीय कहलाने के लायक बने हैं। उन्होंने कहा कि विलय दिवस को रोजमर्रा के दिनों की तरह नहीं लेना चाहिए। यह राज्य के इतिहास का सुनहरा दिन है। उन्होंने कहा कि राज्य के अवाम को श्यामा प्रसाद मुखर्जी का भी आभारी रहना चाहिए जिनकी शहादत की बदौलत राज्य से परमिट सिस्टम हटा दिया गया। वहीं जनक भारती ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि आज राज्य देश का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि महाराजा हरि सिंह ने राज्य को देश के साथ जोड़कर जो एतिहासिक फैसला लिया था। वह आज राज्य के लिए वरदान है। लेकिन कुछ राजनेताओं ने अपने सियासी फायदे के लिए यहां पर दो विधान और दो निशान लागू करवाएं हैं।
मिठाई बांट खुशी जताई
देर शाम बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विलय दिवस पर बाजार के लोगों में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर एक कार्यक्रम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी श्रद्धांलजलि भेंट की गई। इस मौके पर नरेंद्र जसरोटिया ने कहा कि राज्य का देश में पूर्ण विलय हुआ था। इस मौके पर प्रेम नाथ डोगरा ने कहा कि कई लोग महाराजा हरि सिंह को विलय के लिए दोषी ठहराते हैं। इस मौके पर प्रो. साईं दास, नवीण पाधा, विशंबर दास, चतर सिंह, सागर दूबे, प्रशोतम आदि भी उपस्थित रहे।
ढोल की थाप पर नाचे बजरंगी
राज्य के देश में विलय को बजरंग दल ने ढोल बजाकर मनाया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जराई चौक में एकत्रित होकर ढोल की थाप पर राज्य के विलय को एतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अटूट हिस्सा है और इसे देश से अलग करार देने वाला कभी देश का हितैषी नहीं हो सकता। उन्होंने सभी को मिठाई खिलाकर विलय दिवस की बधाई दी। इस मौके पर बजरंग दल के जिला संयोजक देवेंद्र सिंह ने कहा कि महाराजा हरि सिंह ने राज्य का विलय भारत में कर एतिहासिक फैसला लिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर राज्य देश का अभिन्न अंग था, है और हमेशा ही रहेगा।