कठुआ। ऑपरेशन सद्भावना के तहत सेना की राइजिंग स्टार गनर्स की ओर से मंगलवार को मिडिल स्कूल दन्न में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेना की ओर से स्कूल में पाठ्य सामग्री के साथ साथ खेल सामान और फर्नीचर का सामान भी भेंट किया गया। स्कूली बच्चों में बॉलीबाल का मैच भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेना की ओर से कर्नल आशीष ब्रोग्रकेर, मेजर प्रतीक शर्मा, कैप्टेन बी मौली और जोनल एजुकेशन ऑफिसर लखनपुर सरिता गुप्ता भी उपस्थित रहे।
कैप्टेन बी मौली ने बताया कि सेना की ओर से सद्भावना के तहत बॉलीबाल के साथ ही स्कूल में बुनियादी सुविधा को बढ़ाते हुए टेबल, 10 बेंच, बच्चों के लिए ब्लैक बोर्ड, बुक शेल्फ और शिक्षकों के लिए कुर्सियां भेंट की गई है। उन्होंने कहा कि सेना लोगों के साथ मिलकर शिक्षा के स्तर को आगे बढ़ाने का काम ऑपरेशन सद्भावना के तहत कर रही है। जोनल एजुकेशन ऑफिसर लखनपुर सरिता गुप्ता ने बताया कि सेना पिछले कई वर्षों से लखनपुर के निकटवर्ती गांव के स्कूलों में जाकर तमाम प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवा रही है। सेना समय-समय पर तमाम स्कूलों में डेस्क के साथ ही जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाती है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी लखनपुर जोन के मिडिल स्कूल करड़ोह में सेना ने इसी प्रकार कार्यक्रम आयोजित कर पाठ्य सामग्री के साथ साथ खेल का सामान दिया था। इस मौके स्कूल स्टाफ के साथ साथ गांव के सरपंच पंच भी उपस्थित थे।